कोंडागांव युवा कांग्रेस ने सहायक शिक्षकों के 2300 रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन कोंडागांव जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पीताम्बर नाग के नेतृत्व में कलेक्टर की अनुपस्थिति में एसडीएम को सौंपा गया। ज्ञापन में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा याचिका क्रमांक 3052/2025 सहित अन्य याचिकाओं में पारित आदेश का हवाला दिया गया है। उच्च न्यायालय ने 26 सितंबर 2025 को शिक्षक भर्ती 2023 के सहायक शिक्षक पदों पर रिक्त पदों की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने का आदेश दिया था। न्यायालय ने यह भी निर्देश दिया है कि संपूर्ण नियुक्ति प्रक्रिया दो माह के भीतर पूरी की जाए। नियुक्ति प्रक्रिया दो माह में पूरी करने हाईकोर्ट ने दिया निर्देश जिला अध्यक्ष पीताम्बर नाग ने बताया कि सभी अभ्यर्थी लगभग दो वर्षों से योग्य होने के बावजूद नियुक्ति से वंचित हैं। उन्होंने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया है और आर्थिक तंगी के बावजूद उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर की। न्यायालय ने उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों के पक्ष में निर्णय दिया है। नाग ने आगे कहा कि सरकारी नौकरी पाना प्रत्येक बेरोजगार अभ्यर्थी का सपना होता है। यह पद अभ्यर्थियों के भविष्य और सामाजिक प्रतिष्ठा से जुड़ा है। कई अभ्यर्थियों की आयु सीमा लगभग समाप्त होने वाली है, जिसके कारण यह भर्ती उनके लिए अंतिम अवसर है। ज्ञापन के माध्यम से निवेदन किया गया है कि उच्च न्यायालय बिलासपुर के आदेश का पालन करते हुए शिक्षक भर्ती 2023 के सहायक शिक्षक के सभी 2300 रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया 1:3 के अनुपात में शीघ्र प्रारंभ की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष पीताम्बर नाग, महामंत्री रितेश पटेल, नरेंद्र देवांगन, कमलेश दुबे सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


