छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज एक दिवसीय दौरे पर पेंड्रा पहुंचे। दुर्गा चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे कांग्रेस की नवनियुक्त जिला अध्यक्ष गजमती भानु के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, पंकज तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष गजमती भानु ने अपने संबोधन में कहा कि वे कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगी। उन्होंने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का भी संकल्प लिया। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में भूपेश बघेल की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बनने से पहले ही बघेल ने इस क्षेत्र को जिला बनाने का वादा किया था। सत्ता में आते ही उन्होंने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को जिला बनाकर अपना वादा पूरा किया। भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में देर से पहुंचने पर उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “मैं देर करता नहीं, देर हो जाती है।” बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता पिछली कांग्रेस सरकार और वर्तमान भाजपा सरकार की तुलना कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इस तुलना में काफी पीछे नजर आ रही है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का भी जिक्र किया। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार धान खरीदी नहीं करना चाहती। उनके अनुसार, केवल भाजपा नेताओं का धान खरीदा जा रहा है, जबकि वास्तविक किसान परेशान हैं। पूर्व सीएम ने कथावाचकों और बाबाओं पर टिप्पणी की उन्होंने मंच से पंडित धीरेन्द्र शास्त्री सहित कुछ कथावाचकों और बाबाओं पर भी टिप्पणी की। मीडिया से चर्चा के दौरान भूपेश बघेल ने शराब घोटाला मामले में ईडी की कार्रवाई को केंद्र सरकार के दबाव में की गई कार्रवाई बताया। उन्होंने मनरेगा का नाम बदलने को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए।


