रायसेन पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में पिछले 25 वर्षों से कार्यरत गंगाबाई को पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने सम्मानित किया है। उन्हें कार्यालय को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में उनके निरंतर प्रयासों के लिए सराहा गया। एसपी आशुतोष गुप्ता ने गंगाबाई को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि गंगाबाई पूरी मेहनत और लगन से कार्यालय में स्वच्छता और सफाई व्यवस्था बनाए रखती हैं। पुलिस अधीक्षक गुप्ता ने कहा कि उनका प्रयास हमेशा छोटे कर्मचारियों को आगे लाने और उन्हें प्रेरित करने का रहता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बड़े अधिकारी तो अक्सर सभी की नजरों में रहते हैं, लेकिन जो छोटे कर्मचारी पूरे समर्पण और मेहनत से कार्य करते हैं, उन्हें प्रोत्साहित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। एसपी ने बताया कि कार्यालय में कुछ सफाई की कमी महसूस हुई थी। उन्होंने गंगाबाई को इस बारे में अवगत कराया, जिसके बाद सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आया और कार्यालय पहले से अधिक स्वच्छ और सुंदर दिखाई देने लगा। एसपी गुप्ता ने कार्यालय सहित पुलिस विभाग के सभी जवानों और कर्मचारियों से अपने कार्यालय, घर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने की अपील भी की।


