अवैध पान मसाला, ग्रेनाइट परिवहन पर कार्रवाई:राज्य कर विभाग ने 13 वाहन जब्त किए, दस्तावेज में मिली गड़बड़ी

राज्य कर विभाग की टीम ने अवैध पान मसाला और मार्बल-ग्रेनाइट के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग के आयुक्त कुमार पाल गौतम के निर्देशों की अनुपालना में 26 दिसंबर से 31 दिसंबर तक प्रदेश के विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर आकस्मिक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विभाग की अलग-अलग टीमों ने कुल 13 वाहनों को जब्त किया। जांच में सामने आया कि अधिकांश वाहनों में बिना वैध दस्तावेजों (बिल, ई-वे बिल) के माल का परिवहन किया जा रहा था। कुछ मामलों में कर-मुक्त माल के फर्जी दस्तावेज बनाकर पान मसाला का परिवहन किया जा रहा था, जबकि कुछ वाहनों में माल का विवरण गलत दर्शाया गया। वहीं, कुछ प्रकरणों में माल प्राप्तकर्ता के पते भी गलत पाए गए। यह कार्रवाई सीकर, जयपुर, भरतपुर सहित अन्य क्षेत्रों में की गई। जब्त किए गए वाहनों और माल का मूल्यांकन किया जा रहा है तथा नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजस्व चोरी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए और अधिक सख्ती बरती जाए, जिससे राज्य के राजस्व को होने वाली हानि को रोका जा सके। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में राज्य कर विभाग द्वारा आयरन-स्टील, रियल एस्टेट और माइनिंग सेक्टर में की गई कार्रवाइयों में लगभग 450 करोड़ रुपए की कर चोरी उजागर की गई है। इसके अतिरिक्त पान मसाला, सुपारी, स्क्रैप और मार्बल से जुड़े 28 वाहनों को भी जब्त किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *