सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया नगर में दैनिक भास्कर अंतरराज्यीय अंडर-19 ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हो गया है। फाइनल मुकाबले में डीके स्पोर्टिंग रायगढ़ ने पार्थ अकेडमी सारंगढ़ को हराकर खिताब अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता पिछले चार वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। फाइनल मैच में डीके स्पोर्टिंग रायगढ़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही कसी हुई गेंदबाजी करते हुए पार्थ अकेडमी के बल्लेबाजों को रन बनाने का अधिक मौका नहीं दिया। निर्धारित 20 ओवरों में पार्थ अकेडमी की टीम मात्र 87 रन ही बना सकी। डीके स्पोर्टिंग की ओर से कप्तान अनुग्रह नारायण सिंह ने तीन विकेट लिए, जबकि वसीम ने दो विकेट हासिल किए। आशीष कोरी ने भी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। पार्थ अकेडमी की ओर से आलोक और रुद्राक्ष के अलावा कोई भी बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सका। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीके स्पोर्टिंग रायगढ़ की टीम ने महज 12 ओवरों में ही जीत हासिल कर ली। अमनराज ने 31 रन बनाए, जबकि कप्तान अनुग्रह नारायण सिंह ने 15 रन का योगदान दिया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। फाइनल मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अनुग्रह नारायण सिंह को मिला। मैन ऑफ द सीरीज दीपेश पासवान रहे। बेस्ट बल्लेबाज अमनराज, बेस्ट गेंदबाज आलोक टांडे, बेस्ट फील्डर नितीश कुमार साहू, बेस्ट कैच हर्ष यादव और बेस्ट विकेटकीपर मोकुल साहू चुने गए। कोचों ने की आयोजन की तारीफ प्रतियोगिता में शामिल दोनों टीमों के कोचों ने अच्छे इंतजाम और शानदार खेल की जमकर तारीफ की। पार्थ अकेडमी के कोच त्रिलोक सिंह मैत्री और गोलू चंद्रा ने कहा कि यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका है। उन्होंने कहा कि आगे वे और मजबूत टीम के साथ इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। डीके स्पोर्टिंग रायगढ़ के कोच डीके साव ने भी आयोजन समिति का धन्यवाद किया और कहा कि ऐसे टूर्नामेंट से गांव और छोटे इलाकों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। भव्य समापन समारोह का आयोजन टूर्नामेंट का समापन समारोह बहुत धूमधाम से हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एपेक्स हॉस्पिटल के डायरेक्टर मनोज गोयल मौजूद रहे। अध्यक्षता सरिया नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल ने की। इस मौके पर कई खास मेहमान भी शामिल हुए, जिनमें होटल ट्रिनिटी ग्रैंड के डायरेक्टर सरनदीप सलूजा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष हितेश अजगल्ले, जिला भाजपा उपाध्यक्ष स्वप्निल स्वर्णकार, कैलाश नायक, यशवंत नायक, समाजसेवी सभापति साव, सेवानिवृत्त शिक्षक जीवर्धन प्रधान और नेमचंद्र अग्रवाल शामिल थे। आयोजन के संरक्षक गोविंदराम अग्रवाल, अरुण सराफ, संतोष मराठा और मोटू बंसल ने भी आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। अतिथियों ने आयोजन को बताया प्रेरणादायक मंच से सभी अतिथियों ने आयोजन समिति को बधाई दी और कहा कि यह प्रतियोगिता पिछले चार वर्षों से लगातार हो रही है। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट अब लोगों के बीच पहचान बना चुका है। अतिथियों ने भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित करने की जरूरत बताई, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को खेल का मंच मिल सके। राष्ट्रगान से हुई शुरुआत, लाइव प्रसारण भी फाइनल मैच से पहले भारत माता स्कूल के बच्चों ने खिलाड़ियों के साथ मार्च किया। इसके बाद सभी ने मिलकर राष्ट्रगान गाया और टॉस के साथ मैच शुरू हुआ। पूरे टूर्नामेंट का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया गया, जिससे दूर-दराज के लोग भी मुकाबले देख सके। सरिया बन रहा युवा क्रिकेट का केंद्र इस अंतरराज्यीय अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में नागपुर, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की टीमों ने हिस्सा लिया। इससे सरिया अब युवा क्रिकेट का नया केंद्र बनता जा रहा है। खेल प्रेमियों का कहना है कि अगर इस आयोजन को और बड़ा किया गया, तो यहां के खिलाड़ी राज्य और देश स्तर तक पहुंच सकते हैं। इस प्रतियोगिता में एपेक्स हॉस्पिटल रायगढ़, होटल ग्रैंड ट्रिनिटी रायगढ़, ओके एडीएल हॉस्पिटल सरिया, संजय ज्वेलर्स सरिया और लक्ष्मी ज्वेलर्स सरिया ने स्पॉन्सर के रूप में सहयोग किया।


