भास्कर न्यूज | महासमुंद हिंदू जागरण की दिशा में नई ऊर्जा और चेतना फूंकने के उद्देश्य से शहर के डॉ. भीमराव अंबेडकर बस्ती (पुराना मलेरिया ऑफिस) स्थित दुर्गा समिति स्थल महासमुंद पर एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने सनातन संस्कृति की रक्षा और सामाजिक समरसता को वर्तमान समय की मुख्य आवश्यकता बताया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, बागबाहरा खंड कार्यवाहक जसवंत साहू ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गौरवशाली इतिहास और हिंदू समाज की एकता के लिए किए गए संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संगठित होकर धर्म की रक्षा करने का आह्वान किया। छत्तीसगढ़ कायस्थ समाज के प्रदेश संगठन मंत्री आलोक श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और सामाजिक एकता पर जोर दिया। भागवत आचार्य पंडित नारायण दास वैष्णव और मनोज साहू ”दीदी” ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने हिंदू जागरण और सनातन परंपराओं के पालन को अनिवार्य बताया। भजन संध्या और महाप्रसाद: सम्मेलन का समापन मां भारती और प्रभु श्री राम की भव्य आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात आयोजित भजन संध्या ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।


