भास्कर न्यूज | अमृतसर रेड क्रॉस के पंघूड़े में मिले 2 माह के मासूम की हालत बिगड़ गई है। हाइड्रोकेफेलस बीमारी से पीड़ित बच्चे की हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टर 2 दिन से ऑपरेशन नहीं कर पा रहे हैं। गुरु नानक देव अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. करमजीत सिंह ने बताया कि रविवार को रेड क्रॉस द्वारा दाखिल कराए गए बच्चे का ऑपरेशन पहले मंगलवार और फिर बुधवार को तय किया गया था। हालांकि, लगातार गिरती सेहत और नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने न्यूरो सर्जरी को फिलहाल टाल दिया है। वीरवार को बच्चे के दोबारा टेस्ट किए जाएंगे और रिपोर्ट सामान्य आने पर ही सर्जरी की जाएगी। बच्चा हाइड्रोकेफेलस नामक बीमारी से पीड़ित है, जिसमें दिमाग के चारों ओर द्रव्य जमा हो जाता है। इसका एकमात्र उपचार सर्जरी है।


