जयपुर-दिल्ली हाईवे पर बढ़ा टोल टैक्स:कार ड्राइवर को 35 रुपए ज्यादा देने होंगे; सड़क के रेनोवेशन के बाद बढ़ाई दरें

जयपुर से दिल्ली (पुराने बाइपास) पर टोल टैक्स बढ़ गया है। नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने रोड का रेनोवेशन करवाने के बाद 18 जनवरी को रात 12 बजे से टोल टैक्स की दरों में बढ़ोतरी का फैसला किया है। इसके बाद एक कार ड्राइवर को जयपुर से गुरुग्राम तक जाने के लिए 35 रुपए ज्यादा टोल टैक्स देना पड़ेगा। NHAI की रिवाइज्ड रेट के मुताबिक ये दरें दौलतपुरा, मनोहरपुर और शाहजहांपुर टोल बूथों पर बढ़ाई गई है। एक कार ड्राइवर को अब दौलतपुरा टोल बूथ पर 70 रुपए के बजाय 75 रुपए देने होंगे। इसी तरह मनोहरपुर टोल बूथ पर 80 रुपए के बजाय 90 रुपए और शाहजहांपुर टोल बूथ पर 170 रुपए के बजाय 190 रुपए देने होंगे। पिछले साल पूरा किया था रेनोवेशन का काम
जयपुर से शाहजहांपुर बॉर्डर तक एनएचएआई ने करीब 155 किलोमीटर की रोड का रेनोवेशन किया था। रेनोवेशन का काम पूरा होने के बाद एनएचएआई ने टोल की दरों को पिछले साल 18 दिसंबर को बढ़ाने का नोटिफिकेशन जारी किया, लेकिन किसी कारण से उसे रोक दिया था। अब एक महीने बाद इसे लागू करने का फैसला किया है। साल 2021 में पूरा हो चुका है कंसेशन पीरियड
वैसे तो इस नेशनल हाईवे का कंसेशन पीरियड अप्रैल 2021 में पूरा हो चुका है, लेकिन उसके बाद हाईवे पर रखरखाव और नए फ्लाइओवर कंस्ट्रक्शन के नाम पर एनएचएआई ने टोल की वसूली को जारी रखा है, जबकि टोल की दरों को नियमानुसार रिव्यू किया जाना चाहिए था। बता दें कि टोल कंसेशन पीरियड वह होता जिसमें हाईवे का निर्माण करने वाली फर्म हाईवे के निर्माण की लागत, अपना लाभांश और कंसेशन पीरियड के दौरान होने वाले रखरखाव का पैसा टोल से वसूल करती है। कंसेशन पीरियड में टोल वसूलने के बाद हाईवे को सरकार को सौंप दिया जाता है। पुराने जयपुर-दिल्ली हाईवे पर 20 फीसदी तक बढ़ा ट्रैफिक
एक रिपोर्ट के मुताबिक जयपुर-दिल्ली हाईवे पर एक साल पहले तक ट्रैफिक लोड 1.10 लाख पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) से भी ज्यादा था। साल 2023 में एक्सप्रेस-वे शुरू होने और पुराने जयपुर-दिल्ली हाईवे पर सड़क खराब होने के कारण ये लोड घटकर अप्रैल 2024 तक 80 हजार पीसीयू से भी कम हो गया था। पिछले साल अक्टूबर और नवंबर के पहले सप्ताह में यहां लोड वापस बढ़कर 96 हजार पीसीयू से ज्यादा हो गया है। यानी करीब 20 फीसदी ट्रैफिक वापस बढ़ गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *