भीलवाड़ा की जेल में ऊंचाई से गिरने से एक कैदी की मौत के बाद परिजनों का प्रदर्शन आज शुक्रवार शाम तक जारी रहा। परिजन जिला कलेक्टर कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचे और 25 लाख रुपए मुआवजे के आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म किया। इसके बाद शव को लेकर लेकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू की। बता दें कि इससे पूर्व आज सुबह से ही समाज के लोग महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन में शामिल कोटडी प्रधान करण सिंह बेलवा ने बताया- गुरुवार को जेल में इलेक्ट्रिसिटी कार्य के दौरान सांवर शर्मा की डेथ हो गई थी। उनके परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। मृतक की मां को कैंसर है। इन सभी बातों को देखते हुए परिजन प्रदर्शन कर रहे थे। आज हम सब लोग यहां जिला कलेक्टर कार्यालय आए हैं। जिला कलेक्टर ने हमें 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता करने का आश्वासन दिया है। साथ ही मृतक कैदी की कैंसर ग्रस्त मां को का इलाज अच्छे हॉस्पिटल में करवाया जाएगा और उसके छोटे भाई को शैक्षणिक योग्यता के आधार पर संविदा पर नौकरी लगवाई जाएगी। इन सभी आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।


