उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित विशेष समारोह में मध्य प्रदेश के इंदौर के लोकप्रिय भजन गायक पं. सुधीर व्यास का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने पंडित व्यास को स्मृति चिन्ह प्रदान किया और सम्मान स्वरूप उन्हें दुपट्टा भी ओढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान एक खास पल तब आया जब पंडित सुधीर व्यास ने अपना प्रसिद्ध भजन ‘यह चमक यह दमक’ की कुछ पंक्तियां मुख्यमंत्री योगी के समक्ष प्रस्तुत कीं। उनके भावपूर्ण गायन ने मुख्यमंत्री को भी भाव-विभोर कर दिया और वे प्रसन्नचित नजर आए। पंडित व्यास की यह प्रस्तुति समारोह का विशेष आकर्षण बनी। इस सम्मान समारोह ने न केवल पंडित सुधीर व्यास की प्रतिभा को मान्यता दी, बल्कि इंदौर और गोरखपुर के बीच सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूत किया। यह कार्यक्रम दो राज्यों के बीच कला और संस्कृति के क्षेत्र में आपसी सहयोग का एक उदाहरण बन गया।


