इंदौर में शुक्रवार का दिन काफी ठंडा रहा। इस दौरान तापमान में 1 डिग्री की गिरावट आई और 21.2 (-5) डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रात में भी तेज ठंड का अनुमान है। शहर में 24 घंटों में मौसम में बदलाव देखा गया। गुरुवार दोपहर 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली सर्द हवाओं ने पूरे शहर को ठिठुरा दिया। इसके बाद ठंडक बढ़ गई। दिन का तापमान 5 डिग्री गिरकर 22.6 डिग्री सेल्सियस (-4) पर पहुंच गया था। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह स्थिति कोल्ड डे जैसी है। आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज होने की संभावना है। दो दिनों से दिन के तापमान में लगातार इजाफा हो रहा था, जिससे काफी राहत थी। इसके साथ ही रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद गुरुवार दोपहर से मौसम का मिजाज ही बदल गया। लोगों को उम्मीद थी कि अभी सर्दी कम रहेगी, लेकिन सर्द हवाओं से जनजीवन प्रभावित होने लगा। देर शाम सड़कों पर आवाजाही कम हो गई। फिर रात भी काफी ठंड रही। मौसम विभाग के अनुसार, 18 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होगा, जो पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करेगा। इसके बाद बर्फीली हवाओं की रफ्तार तेज हो जाएगी, जिससे पूरा प्रदेश ठिठुरन की चपेट में आ जाएगा। फिलहाल, पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में देखा जा रहा है। इस प्रणाली के गुजरने के बाद शनिवार से ठंड के और अधिक असरदार होने की संभावना है।


