जवाहर नवोदय विद्यालय जौरा में पीटी टीचर पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए करीब 150 छात्रों ने बुधवार सुबह 7 बजे से खुद को हॉस्टल में बंद कर लिया। छात्रों का आरोप था कि पीटी टीचर डॉ. आशुतोष तिवारी बात-बात पर थप्पड़ मारते हैं, उनका व्यवहार तानाशाह जैसा है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल और प्रशासनिक पहुंचे। एसडीएम शुभम शर्मा ने छात्रों को आश्वासन दिया कि पीटी टीचर को तत्काल छुट्टी पर भेजा जाएगा और जांच के लिए टीम गठित की जाएगी। करीब 5 घंटे बाद छात्र हॉस्टल से बाहर निकले। अधिकारी करीब दो घंटे तक छात्रों को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन विद्यार्थी कलेक्टर के मौके पर आने की मांग पर अड़े रहे। बाद में एसडीएम ने बताया कि कलेक्टर महत्वपूर्ण बैठक में व्यस्त हैं। उनके ही निर्देश पर वे स्कूल पहुंचे हैं। इसके बाद छात्र एसडीएम को हॉस्टल के अंदर ले गए और अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इस संबंध में पीटी टीचर से बात करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। छात्रों का आरोप था कि करीब 40 छात्रों के हॉस्टल में सिर्फ दो लैट्रिन-बाथरूम हैं, जिनकी नियमित सफाई नहीं होती। इसी कारण समय पर तैयार न होने पर उन्हें दंडित किया जाता है। स्कूल में एसडीओपी नितिन कुमार बघेल, नायब तहसीलदार श्याम सुंदर और थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।


