झांसी में रात के 12.01 बजते ही पूरे शहर में जश्न का माहौल बन गया। वहीं, पहले से पार्टी प्लान किए लोग वेन्यू पर पहुंचे और खूब इंजॉय किया। हरयाणवी गानों पर लड़के-लड़कियां खूब नाचे। वहीं, सड़कों पर किसी तरह का उत्पात न मचे इसके लिए शहर के प्रमुख रास्तों और चौराहों पर पुलिस भी तैनात रही। जहां भी हुड़दंगियों का झुंड नजर आया, पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। तीन तस्वीरों में देखें 2026 का जश्न… 31 दिसम्बर यानी साल 2025 का आखिरी दिन था। ऐसे में जाते हुए साल को यादगार बनाने के लिए झांसी शहर के लोग तरह-तरह से इसे सेलिब्रेट कर रहे थे। वहीं, नए साल 2026 के स्वागत को लेकर इवेंट प्लानर भी लोगों को माहौल उपलब्ध करा रहे हैं। झांसी शहर के मॉलिक्यूल, झांसी होटल, नटराज सरोवर पोर्टिको, लेमन-ट्री समेत तमाम होटल और रेस्टोरेंट को सजाया गया। यहां अलग-अलग एज ग्रुप के लोगों के लिए अलग-अलग थीम पर पार्टी ऑर्गनाइज की गईं। वहीं, झांसी होटल में सभी एज ग्रुप के लोगों की एंट्री थी। झांसी होटल के इवेंट प्लानर जाहिद खान ने बताया कि न्यू ईयर पार्टी में सभी एज ग्रुप को शामिल किया गया है। बताया कि यहां उन्हीं लोगों को एंट्री दी गई, जो झांसी के रहने वाले थे या फिर किसी रूटीन कस्टमर के रिफरेंस से आए। यहां रात 10 बजे से लोग पहुंचने लगे। यहां डीजे और डिस्को प्लेटफॉर्म को देखते ही लोगों के पैर नहीं माने और वह सीधे डांस फ्लोर पर पहुंच गए। DJ ने अपने गानों से सबको डांस करने पर मजबूर कर दिया… चकाचौंध कर देने वालीं डिस्को लाइट्स और डीजे का डांस फ्लोर देखकर ही युवाओं के कदम थिरकने लग रहे हैं। यहां कई होटल में देशी-विदेशी लडकियां भी परफॉर्म करने पहुंचीं हैं। पार्टी वेन्यू पर मानो सर्दी है ही नहीं। फ़ैशन और ग्लैमर युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। वहीं, पार्टी और इंजॉय करने वालों को किसी भी तरह की दिक्कत या कोई रुकावट न आए, इसके लिए पुलिस ने भी कमर कस ली है। शहर के प्रमुख चौराहा और होटल्स के आसपास सुरक्षा बल तैनात है। साथ ही वाहनों की चेकिंग भी की जा रही है। वहीं, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि नए साल के जश्न में यदि आप शराब का सेवन करते हैं तो इसके बाद वाहन न चलाएं। पुलिस रातभर करती रही गस्त महानगर का सबसे प्रमुख काहे जाने वाले इलाइट चौराहा और उसके आसपास नवाबाद थाने की पुलिस ने चौकसी रखी। थाना प्रभारी समेत पुलिस के जवान इलाइट चौराहा से गस्त करते हुए किले तक पहुंचे। वहीं, वापसी में रात 12.45 बजे पुलिस ने देखा कि इलाइट चौराहा की दुकान खुली हैं और वहां शराब के नशे में युवक शोर मचा रहे हैं तो पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। साथ ही दुकानें भी बंद कराई गईं।


