भास्कर न्यूज | बलरामपुर शासकीय प्राथमिक शाला बैरडीहखुर्द के प्रधान पाठक बीरबल यादव को नशे की हालत में महिला से अश्लील हरकत करने और स्कूली बच्चों के साथ मारपीट व गाली-गलौज करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला तब सामने आया जब विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुसमी को प्रधान पाठक के खिलाफ शिकायत मिली। शिकायत में आरोप था कि बीरबल यादव विद्यालय में शराब पीकर आता है और उसने वहां कार्यरत सहायिका व एक अन्य महिला के साथ अश्लील हरकतें कीं। इसके अलावा, नशे की हालत में वह छोटे बच्चों के साथ मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग करता था। बीईओ कुसमी द्वारा की गई जांच में ये सभी आरोप सही पाए गए। जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट किया गया कि प्रधान पाठक का यह व्यवहार न केवल अशोभनीय और अभद्र है, बल्कि कार्यस्थल पर महिलाओं के प्रति लैंगिक अपराध की श्रेणी में भी आता है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बीरबल यादव का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बलरामपुर नियत किया गया है।


