भास्कर न्यूज | जालंधर बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी व रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने जालंधर विकास अथॉरिटी (जेडीए) को स्वीकृत कॉलोनियों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल के साथ बैठक में कैबिनेट मंत्री ने कॉलोनियों में सीवरेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइट, सड़कें, पेयजल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को ऐसे डेवलपर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए जिन्होंने सुविधाएं मुहैया नहीं कराईं। उन्होंने जेडीए को कंप्लीशन सर्टिफिकेट प्राप्त न करने वाले डेवलपर्स को नोटिस जारी करने के लिए कहा, जिस कारण इन कॉलोनियों को जालंधर नगर निगम को ट्रांसफर करने में देरी हो रही है। वहीं डीसी ने बताया कि कॉलोनियों के निवासियों को अपनी समस्याएं बताने और उनका प्रभावी ढंग से समाधान करवाने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। कैबिनेट मंत्री भगत ने पीएसपीसीएल के अधिकारियों को शहर में लटक रहीं खुले जोड़ वाले तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।


