जालंधर | एचएमवी की प्रिंसिपल डॉ. अजय सरीन को नेशनल एजुट्रस्ट ऑफ इंडिया की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रिंसिपल के खिताब से नवाजा गया है। सम्मान उन्हें सहायक कमिश्नर आईएएस सुनील फोगाट द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस समारोह के दौरान प्रदान किया गया। यह सम्मान डॉ. सरीन को वातावरण संरक्षण, स्किल आधारित शिक्षा व युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान के लिए दिया गया है। नेशनल एजुट्रस्ट ऑफ इंडिया के सीईओ समर्थ शर्मा ने कहा कि डॉ. सरीन का नेतृत्व सदैव प्रतिभा को निखारता है। शिक्षा के क्षेत्र में दूसरों के लिए मिसाल के रूप स्थापित करता है। प्राचार्या डॉ अजय सरीन ने नेशनल एजुट्रस्ट को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह अवार्ड मेरी पूरी टीम के प्रत्येक सदस्य का है। उन्होंने कहा कि डीएवी कॉलेज प्रबंधकर्त्री समिति के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी का समय-समय पर हमें दिशा-निर्देशन प्राप्त होना और सदा आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहना और प्रत्येक कार्य के लिए प्रोत्साहन के कारण ही वे पुरस्कार के भागीदार बने हैं। उन्होंने डायरेक्टर उच्च शिक्षा विभाग डीएवी कॉलेज प्रबंधकर्त्री समिति शिव रमन गौड़, आईएएस(रिटा), लोकल एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन जस्टिस (रिटा.) एनके सूद तथा प्रत्येक सदस्य को धन्यवाद दिया।


