दमोह जिले के प्रमुख तीर्थ स्थलों जागेश्वर धाम बांदकपुर और कुंडलपुर में नए साल के स्वागत के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। 31 दिसंबर की रात कुंडलपुर में हजारों की संख्या में जैन समाज के लोग बड़े बाबा के दर्शन करने पहुंचे। वहीं, गुरुवार सुबह नए साल के अवसर पर जागेश्वर धाम बांदकपुर में भी देश भर से हजारों श्रद्धालु जागेश्वर नाथ भगवान के दर्शन करने पहुंचेंगे। जैन समाज के प्रमुख तीर्थ स्थलों में शामिल कुंडलपुर में बुधवार रात हजारों श्रद्धालु बड़े बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने आरती में भी भाग लिया। सुबह से भी देशभर से श्रद्धालु कुंडलपुर पहुंचेंगे, जिनके रुकने की व्यवस्था कुंडलपुर ट्रस्ट कमेटी की ओर से की गई है। जागेश्वर धाम में 4 बजे खुलेगी पट, पहुंचेंगे श्रद्धालु जागेश्वर धाम बांदकपुर में गुरुवार सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलने के साथ ही हजारों श्रद्धालु नए साल पर भगवान का आशीर्वाद लेने पहुंचेंगे। भगवान जागेश्वरनाथ को 13वें ज्योतिर्लिंग के रूप में पूजा जाता है। इनके दर्शन के लिए प्रदेश के अलावा देशभर से श्रद्धालु आते हैं। नए साल पर श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रहती है। उनके ठहरने के लिए बांदकपुर ट्रस्ट कमेटी द्वारा इंतजाम किए गए हैं। जिले के अन्य प्रमुख तीर्थ स्थानों पर भी इसी तरह भीड़ पहुंचने की उम्मीद है।


