परिसीमन के बाद नागौर जिला परिषद का नया स्वरूप:47 की बजाय अब 37 वार्डों में होंगे चुनाव, प्रशासन ने जारी किया पुनर्गठन का प्रारूप

नागौर जिले में डीडवाना-कुचामन के अलग होने के बाद स्थानीय निकायों के परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। जिला परिषद, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों के वार्डों के पुनर्गठन का प्रारूप बुधवार को आधिकारिक रूप से प्रकाशित कर दिया गया। नए समीकरणों के तहत अब नागौर जिला परिषद में वार्डों की संख्या 47 से घटकर 37 रह गई है। आगामी चुनावों में अब इन्हीं 37 सदस्यों के चयन के लिए मतदान होगा। वहीं डीडवाना कुचामन जिला परिषद में जिला परिषद के लिए 35 वॉर्ड नये फार्मूले के आधार पर बने हैं। ​जनसंख्या के नए फॉर्मूले से हुआ वार्डों का गठन ​जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित द्वारा जारी सूचना के अनुसार, वार्डों का निर्धारण जनसंख्या के नए मापदंडों के आधार पर किया गया है। जिला परिषद के लिए 4 लाख की जनसंख्या पर 17 वार्ड तय किए गए हैं, जबकि इससे अधिक जनसंख्या होने पर प्रत्येक एक लाख या उसके भाग पर 2 अतिरिक्त वार्ड बढ़ाए गए हैं। इसी प्रकार, पंचायत समिति स्तर पर 3000 की आबादी पर 7 वार्ड और उससे अधिक प्रति हजार की आबादी पर 2 वार्ड जोड़े गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुनर्गठन में जनसंख्या का समान अनुपात बनाए रखने का पूरा प्रयास किया गया है। ​6 जनवरी तक दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां ​जिले की 12 पंचायत समितियों में वार्डों के पुनर्गठन और सीमांकन का कार्य पूरा हो चुका है। इनमें 4 नई गठित पंचायत समितियां—डेह, मेड़ता रोड-गोटन, पांचौड़ी व श्रीबालाजी (अलाय) भी शामिल हैं। प्रारूप प्रकाशन के साथ ही अब आमजन से आपत्तियां मांगी गई हैं। यदि किसी नागरिक को वार्डों के निर्धारण या सीमांकन पर कोई आपत्ति है, तो वे 6 जनवरी तक जिला कलेक्टर कार्यालय या संबंधित उपखंड कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *