इंदौर के मल्हारगंज इलाके में नए साल की रात पार्टी के दौरान विवाद हो गया, जिसमें दोस्तों ने ही मिलकर एक दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। मल्हारगंज पुलिस के मुताबिक मृतक का नाम पुष्पेन्द्र (22) निवासी हुकुमचंद कॉलोनी बताया गया है। 31 दिसंबर की रात करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक मकान में कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि कुछ युवक पार्टी कर रहे थे, इसी दौरान विवाद हो गया। चाकूबाजी में पुष्पेन्द्र को चाकू के गंभीर घाव लगे, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस इस घटनाक्रम में आरोपियों की तलाश कर रही है। जन्मदिन पर ही कर दी हत्या टीआई वीरेंद्र सिंह कुशवाह के मुताबिक 31 दिसंबर को पुष्पेन्द्र पुत्र राजकुमार का जन्मदिन था। इसी आयोजन में उसने अपने अन्य दोस्तों के साथ गब्बू उर्फ नीरज यादव को भी बुलाया था। रात करीब साढ़े 12 बजे मजाक के दौरान पुष्पेन्द्र ने नीरज यादव को अपशब्द कह दिए। इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसमें नीरज ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। रात में दोस्त उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रातभर आरोपी की तलाश की और अलसुबह नीरज यादव को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया है।


