नए साल 2026 का स्वागत करने का जोश और जश्न को बारिश भी रोक नहीं पाई। बारिश ने खलल जरूर डाल दिया। लेकिन रुकने के बाद आयोजकों ने राहत की सांस ली। कड़ी मशक्कत कर दुबारा व्यवस्था करनी पड़ी। शहर में तीन बड़ी होटलों में नए साल की पार्टी का आयोजन किया गया। वहां पर नए साल का जश्न मनाया गया। बारिश के बाद बढ़ी कड़कड़ाती ठंड में लोग धूजते नजर आए। रात में 12 बजते ही शहर में आतिशबाजी शुरू हो गई। दरअसल, साल 2025 के आखिरी दिन बुधवार को सुबह से आसमान में बादल छा गए। दोपहर के बाद बूंदाबांदी शुरू हुई। लेकिन रुक गई थी। बाड़मेर नए साल 2026 का स्वागत करने का जोश उस समय फीका पड़ गया, जब बुधवार की रात करीब 8.30 बजे मेघगर्जना और 20-25 किमी. रफ्तार से हवा चलने के साथ ही बारिश का दौर शुरू हो गया। इस दौरान सर्दी और भीगे हुए लोग ठंड से कंपकंपाते नजर आए। बाड़मेर शहर की तीन बड़ी होटलों में नए साल के जश्न पर पार्टी थी। सैकड़ों की संख्या में लोग नए साल का जश्न मनाने के लिए गए थे, लेकिन खुले आसमान में होने वाले इन कार्यक्रमों में बारिश ने खलल डाल दिया। आयोजकों को भी इसके लिए अच्छी खासी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद बारिश थमने से लोगों ने और आयोजकों ने राहत की सांस ली। कार्यक्रम स्थलों पर नए साल का जश्न धूमधाम से मनाया । जैसे ही घड़ी की सुइयां 12 की ओर बढ़ीं तो आतिशबाजी से शहर गूंज उठा।


