सड़क सुरक्षा को लेकर आगर मालवा में सख्त चेकिंग अभियान:नए साल पर ब्रैथ एनालाइजर से जांच; नियम तोड़ने पर 4 बाइकों के चालान

आगर मालवा जिले में नए साल के आगमन पर शांति व्यवस्था और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में आगर मालवा शहर और नलखेड़ा क्षेत्र में विशेष चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। यह अभियान नए साल के जश्न के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से लगातार जारी है। पुलिस की ओर से आगर मालवा के छावनी चौराहा, बड़ौद चौराहा और बस स्टैंड जैसे प्रमुख स्थानों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर चालकों की जांच की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और पुलिसकर्मी ब्रेथ एनलाइजर का उपयोग कर मौके पर ही चालकों की जांच कर रहे हैं। हालांकि, अब तक शराब पीकर वाहन चलाने का कोई मामला सामने नहीं आया है। यातायात नियम तोड़ने पर कार्रवाई यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। यातायात सूबेदार जगदीश यादव ने बताया कि करीब एक दर्जन से अधिक वाहन चालकों को समझाइश देकर छोड़ा गया है, वहीं 4 बाइक चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई है। इनमें वाहन पर तीन सवारी बैठाने, मोबाइल पर बात करते हुए बाइक चलाने और बिना हेलमेट वाले चालक शामिल थे। इसी तरह नलखेड़ा नगर के शिवाजी चौराहा पर भी सघन जांच अभियान जारी है। यहां भी वाहन चालकों की शराब सेवन की जांच की जा रही है। नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, जिम्मेदार जश्न की अपील पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नववर्ष के जश्न के दौरान अक्सर लोग लापरवाही बरतते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसी आशंका को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदारी से नए साल का जश्न मनाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *