50 हजार देकर पीएम आवास कॉलोनी में कराई फायरिंग:पुरानी रंजिश को लेकर दहशत फैलाने के लिए हायर किए बदमाश; कॉल रिकॉर्डिंग से पकड़ाए

गुना शहर के जगनपुर स्थित पीएम आवास कॉलोनी में फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुरानी रंजिश में दहशत और भय का माहौल बनाने के लिए फायर किए गए थे। पुलिस ने फायरिंग करवाने वालों को पकड़ लिया है। फायरिंग करने वालों की तलाश जारी है। 50 हजार रुपए में दो शूटर बुलाए गए थे। बता दें कि 21 दिसंबर की रात कैंट थानांतर्गत जगनपुर चक स्थित पीएम आवस परिसर में अज्ञात बदमाशों के द्वारा लोगों में दहशत और भय का माहौल बनाने के लिए हवाई फायर किए गए थे। इसके CCTV भी सामने आए थे, जिनमें दो बदमाश फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे थे। फायरिंग करने के बाद बदमाश भाग गए थे। कॉल रिकॉर्डिंग से बदमाशों तक पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना में आए तथ्यों के आधार पर प्रकरण में गैर इरादतन हत्या की धारा का इजाफा किया गया। कैंट पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी और कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल स्वयं जगनपुर चक पहुंचे। उन्होंने पीएम आवास परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय रहवासियों से संवाद कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आश्वस्त किया गया। कैंट पुलिस ने अज्ञात आरोपियों को पहचान के प्रयास किए। आरोपियों की पहचान हो जाने पर उनकी तलाश में लगातार दबिशें दी गईं। आरोपियों के संबंध में पुख्ता जानकारी मिलने पर कैंट पुलिस ने कार्यवाही करते हुए दोंनो आरोपी परमानंद पुत्र चंद्रमोहन किरार उम्र 25 साल और रोहित पुत्र चंद्रमोहन किरार उम्र 21 साल निवासी ग्राम परवाह थाना धरनावदा हाल विन्ध्यांचल कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया गया। रंजिश में कराई फायरिंग शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनके द्वारा अपने साथी अरूण किरार और अन्य दो परिचित के सहयोग से पुरानी रंजिश के चलते दहशत और भय का माहौल बनाने के लिए फायरिंग कराई गई थी। गिरफ्तार दोंनो आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस द्वारा प्रकरण में फरार बाकी आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है। 50 हजार में बुलाए बदमाश जांच के दौरान पुलिस के हाथ कुछ कॉल रिकॉर्डिंग लगीं। इनसे साफ हुआ कि यह फायरिंग लूट या डकैती के उद्देश्य से नहीं, बल्कि दहशत फैलाने के लिए कार्यों गई थी। कॉल रिकॉर्डिंग में बात कर रहे लोग कह रहे हैं कि 50 हजार में दो लोगों को फायरिंग के लिए बुलाया गया था। इसमें उन सभी लोगों के नाम भी लिए जा रहे हैं, जिनका विवाद था और जिन्होंने फायरिंग कराई। जिस बंदूक से फायरिंग की गई, वह भी अवैध है। पुलिस फिलहाल फायरिंग करने वालों की तलाश कर रही है। SP अंकित सोनी के मार्गदर्शन और CSP प्रियंका मिश्रा के नेतृत्व में कैंट थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी TI अनूप कुमार भार्गव, SI ज्योति राजपूत, ASI मिट्टूलाल बिसोरिया, प्रधान आरक्षक अमित तिवारी, आरक्षक धर्मेन्‍द्र रघुवंशी, देवेन्द्र रघुवंशी, सूर्यभान जाट, राजू बघेल, शिवम रघुवंशी और साइबर सेल से आरक्षक भूपेन्द्र खटीक की भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *