सतना जिले के एंटी एवेजन ब्यूरो ने जीएसटी नियमों के उल्लंघन के मामले में ज्वेलरी फर्म चिराग ज्वेलर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान टैक्स भुगतान और दस्तावेजों में अंतर पाए जाने पर फर्म से 32 लाख रुपए जमा कराए गए। यह कार्रवाई छतरपुर में की गई। एंटी एवेजन ब्यूरो की टीम ने छतरपुर स्थित चिराग ज्वेलर्स के प्रतिष्ठान पर सर्च और सीजर की कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि फर्म के जीएसटी रिटर्न, बिक्री और टैक्स भुगतान से जुड़े दस्तावेजों में अंतर है। इस गड़बड़ी के चलते शासन को राजस्व हानि हो रही थी। प्रारंभिक जांच के आधार पर अधिकारियों ने मौके पर ही दस्तावेजों की गहन पड़ताल की। जांच में टैक्स और पेनल्टी मिलाकर कुल 32 लाख रुपए का अंतर सामने आया। इसके बाद फर्म संचालक से यह पूरी राशि मौके पर ही जमा कराई गई। एंटी एवेजन ब्यूरो सतना के सहायक आयुक्त नवीन दुबे ने बताया कि कार्रवाई जीएसटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि टैक्स चोरी और नियमों के उल्लंघन को लेकर आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।


