विदिशा में नए साल के स्वागत के अवसर पर ‘आसरा अपनों का’ नामक सामाजिक संगठन के युवाओं ने शहर में लोगों को शराब छोड़ने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। नीमताल चौराहे पर आयोजित इस अनूठी पहल में लगभग 4500 लोगों को केसर वाला दूध पिलाया गया। युवाओं ने स्टॉल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों को केसर वाला दूध पिलाते हुए संदेश दिया कि शराब से नाता तोड़ो और दूध से नाता जोड़ो। उन्होंने बताया कि दूध शारीरिक शक्ति का स्रोत है, जबकि शराब स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए हानिकारक है। यातायात और सामजिक जागरूकता भी दी गई इस दौरान युवाओं ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित जीवन जीने के लिए भी जागरूक किया। अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए लोगों को दूध पिलाया और मुहिम का समर्थन किया। 5 सालों से जारी परंपरा, उद्देश्य- नशे से दूर समाज ‘आसरा अपनों का’ के सदस्य आदर्श तिवारी ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से नववर्ष पर यह पहल की जा रही है। इस वर्ष लगभग 600 लीटर दूध वितरित किया गया। युवाओं का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे से दूर रखकर स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है। युवाओं ने बताया कि शराब का सेवन लीवर, दिमाग और दिल पर नकारात्मक प्रभाव डालता है, सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ाता है और पारिवारिक कलह उत्पन्न करता है। उनका मानना है कि अगर हर व्यक्ति नए साल पर एक अच्छी आदत अपनाए, तो समाज में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।


