र्मशाला: हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक और पर्यटन राजधानी धर्मशाला में आयोजित आठ दिवसीय ‘कांगड़ा वैली कार्निवाल-2025’ का बुधवार को रंगारंग समापन हो गया। उत्सव की अंतिम शाम ‘लोकल कांगड़ी एवं गदयाली नाइट’ के नाम रही, जिसने हिमाचल की समृद्ध लोक कलाओं को जीवंत कर दिया। इस मौके पर मिस एंड मिसेज कांगड़ा का ग्रैंड फिनाले भी रहा। जहां प्रतिभागियों ने अपने सबको आश्चर्चय चकित कर दिया। इसके साथ इसमें आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। इस समापन समारोह में मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत समापन किया और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक पटल पर रखने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि ये हिमाचल की सांस्कृतिक विशिष्टता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के साथ पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। शिमला और मनाली के बाद अब धर्मशाला को पर्यटन के मानचित्र पर एक प्रमुख केंद्र के रूप में सुनियोजित तरीके से विकसित किया जा रहा है, ताकि यहाँ आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके। सीधा प्रसारण से विदेश में बैठे लोगों ने जाना कांगड़ा की संस्कृति पर्यटन के विविधीकरण पर चर्चा करते हुए पठानिया ने कहा कि सरकार का विशेष ध्यान अब विंटर टूरिज्म (शीतकालीन पर्यटन) को बढ़ावा देने पर है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में जुटी हजारों की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश सरकार की पहल सफल हो रही है। सरकार का लक्ष्य प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस आयोजन का सीधा प्रसारण देश-विदेश में किया गया, जिससे घर बैठे लोगों ने भी कांगड़ा की संस्कृति का आनंद लिया, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। PHOTOS समापन संध्या के दौरान मंच पर कांगड़ा और गड्याली संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने जब लोकधुनों पर नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं, तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ ईशांत भारद्वाज, निशा पंडित, संजीव दीक्षित, हिमांशी और निकेश बड़जात्या जैसे प्रसिद्ध गायकों ने अपनी सुरीली आवाजों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस सांस्कृतिक संध्या ने आधुनिकता और परंपरा के अद्भुत संगम को प्रदर्शित किया। उत्सव के मुख्य आकर्षणों में ‘मिस एवं मिसेज कांगड़ा वैली कार्निवाल’ प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले भी शामिल रहा। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रैंप पर अपनी प्रतिभा और कांगड़ी गरिमा का प्रदर्शन कर निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके अतिरिक्त, कार्निवाल के दौरान खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया गया। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कार्निवाल के उपलक्ष्य में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर उनकी खेल भावना की सराहना की। अंत में, विधानसभा अध्यक्ष ने आयोजन समिति और जिला प्रशासन को एक सफल और व्यवस्थित कार्निवाल आयोजित करने के लिए बधाई दी, जिसने स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को नई ऊर्जा प्रदान की है। क्रिकेट टूर्नामेंट में विजेताओं को नकद राशि देकर किया सम्मानित


