धनसार में दो दुकानों में लगी भीषण आग:लाखों के नुकसान का अनुमान, दमकल ने आग पर पाया काबू; बड़ा हादसा टला

धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र के नई दिल्ली रोड पर देर रात दो दुकानों में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए की संपत्ति जलकर खाक हो गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जिस स्थान पर आग लगी, उसके ठीक बगल में टाटा मोटर्स का शोरूम स्थित है। यदि समय रहते फायर ब्रिगेड और टाटा मोटर्स के कर्मचारियों की सतर्कता नहीं होती, तो एक बड़ी दुर्घटना घट सकती थी। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। आग दो गुमटीनुमा दुकानों में लगी थी सूचना मिलने पर धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग की जानकारी मिलते ही झरिया और धनबाद दोनों फायर स्टेशनों को अलर्ट किया गया। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग दो गुमटीनुमा दुकानों में लगी थी, जिस पर फायर ब्रिगेड की मदद से पूरी तरह काबू पा लिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। स्थानीय निवासी अभिषेक सिंह उर्फ ढोलक सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। उन्होंने बताया कि आग दो राशन दुकानों में लगी थी और दुकानों के बगल में स्थित बिजली के पोल के कारण आग लगने की आशंका है। इस घटना में किसी प्रकार की जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *