मंडला में नए साल और शीतकालीन छुट्टी की वजह से कान्हा टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की भीड़ देखी जा रही है। देश-विदेश से आए सैलानियों ने बाघों की दहाड़ और घने जंगलों के बीच रोमांच के साथ नए साल का स्वागत किया। कान्हा के खटिया, मुक्की और सरही गेट पर सुबह से ही पर्यटकों की आवाजाही बनी हुई है। जंगल सफारी की टिकटें 4 जनवरी तक फुल कान्हा नेशनल पार्क के तीनों प्रमुख प्रवेश द्वारों के आसपास स्थित लगभग 150 होटल और रिसॉर्ट्स में से अधिकांश पहले ही बुक हो चुके हैं। पार्क के कोर एरिया में जंगल सफारी की ऑनलाइन टिकटें 4 जनवरी तक पूरी तरह भरी हुई हैं। इसके बाद 15 जनवरी तक केवल सीमित संख्या में टिकट उपलब्ध होने की जानकारी है। हर दिन 1500 से अधिक पर्यटक पहुंच रहे हैं पार्क प्रबंधन के अनुसार, कान्हा के कोर एरिया में प्रतिदिन 178 और बफर एरिया में 144 वाहनों को प्रवेश की अनुमति है। सामान्य दिनों में प्रतिदिन औसतन 700 से 800 पर्यटक जंगल भ्रमण पर आते हैं, लेकिन वर्तमान में यह संख्या दोगुनी से अधिक होकर 1500 से ज्यादा हो गई है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या और वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, एसडीएम बिछिया की ओर से 18 दिसंबर से 5 जनवरी 2026 तक प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। ईको-सेंसिटिव क्षेत्रों में डीजे, लाउडस्पीकर पर लगा बैन इन आदेशों के तहत, कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के कोर जोन, बफर जोन और चिह्नित ईको-सेंसिटिव क्षेत्रों में डीजे, लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध है। साथ ही, आतिशबाजी, रैली, जुलूस, धरना, पार्टी व अन्य सार्वजनिक आयोजनों पर भी रोक लगाई गई है। वैवाहिक कार्यक्रमों में भी तेज आवाज वाले उपकरणों के उपयोग की मनाही है। यह प्रतिबंध बीएनएस 2023 की धारा 163 के अंतर्गत लागू किया गया है।
चरगांव फॉरेस्ट नाका में आबकारी बल तैनात नव वर्ष के जश्न के दौरान अवैध शराब परिवहन की आशंका को देखते हुए, कान्हा नेशनल पार्क मार्ग स्थित चरगांव फॉरेस्ट नाका में आबकारी बल तैनात किया गया है। आबकारी विभाग के जवान सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक वाहनों की गहन जांच कर रहे हैं। अवैध मदिरा पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


