मंदसौर में सराफा कारोबारी ने दंपती को चाकू से गोदा:मर्डर के बाद गोली मारकर सुसाइड किया; आपसी लेन-देन के विवाद में वारदात

मंदसौर के गोल चौराहा क्षेत्र में बुधवार की रात व्यापारिक लेन-देन को लेकर हुए फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना सराफा व्यापारी दिलीप जैन के घर के अंदर हुई, जहां दिलीप, उनकी पत्नी रेखा जैन और राजस्थान के निम्बाहेड़ा निवासी सराफा व्यापारी विकास सोनी की जान चली गई। तीनों शवों का गुरुवार को जिला अस्पताल में फोरेंसिक विशेषज्ञ की मौजूदगी में पोस्टमार्टम जारी है। पुलिस के अनुसार, विकास सोनी मंगलवार को मंदसौर स्थित दिलीप जैन के घर पहुंचा था। उस समय घर में केवल दिलीप जैन और उनकी पत्नी रेखा जैन मौजूद थे। तीनों ने साथ में चाय पी, जो रेखा जैन ने बनाई थी। इसके बाद रेखा जैन दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चली गईं। इसी दौरान व्यापारिक लेन-देन को लेकर दिलीप और विकास के बीच विवाद हो गया, जो बढ़कर झूमाझटकी में बदल गया। फायरिंग की कोशिश, फिर चाकू से वार शोर सुनकर रेखा जैन बीच-बचाव के लिए नीचे आईं। इसी दौरान विकास ने पिस्टल निकालकर दिलीप जैन पर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद उसने चाकू निकालकर दिलीप जैन के सीने और चेहरे पर वार किए। रेखा जैन पर भी चाकू से हमला किया गया। हत्या के बाद खुद को शूट किया पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमले के बाद विकास सोनी ने पिस्टल से अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस पूरी घटना में केवल एक ही गोली चली, जो विकास ने खुद को मारी थी। रात करीब साढ़े आठ बजे घर के अंदर से गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल और एक चाकू जब्त किया है। घर के बाहर लगे CCTV कैमरों की DVR भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है। सराफा कारोबार से जुड़ा मामला प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिलीप जैन छिंगावत व्यापारियों का सोना लेकर जेवर बनाने का काम करते थे। मंदसौर और आसपास के कई व्यापारियों का कई किलो सोना और चांदी उनके पास होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। इसी व्यापारिक लेन-देन को विवाद की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी विनोद कुमार मीणा, एडिशनल एसपी टीएस बघेल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। एसपी बोले- पोस्टमॉर्टम और CCTV के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विकास सोनी के परिजन अभी मंदसौर नहीं पहुंचे विकास सोनी राजस्थान के निम्बाहेड़ा का निवासी था और सराफा बाजार में ‘अपना ज्वेलर्स’ नाम से दुकान संचालित करता था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में अब पत्नी और मां ही हैं। पुलिस ने मंगलवार रात ही परिजनों को सूचना दे दी थी, लेकिन गुरुवार सुबह तक कोई भी परिजन मंदसौर नहीं पहुंचा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *