कार की टक्कर से युवक की मौत, पत्नी-बेटी घायल:अशोकनगर में स्कूटी 20 फीट तक घसटाई, गई, मंदिर के CCTV में कैद हुई घटना

अशोकनगर के बायपास रोड पर युगल सरकार मंदिर के सामने बुधवार शाम तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चला रहे व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और 5 साल की बेटी घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल पत्नी को भोपाल रेफर किया गया है, वहीं बेटी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना बुधवार शाम करीब सवा 6 बजे की है। मृतक की पहचान 34 साल के मोतीलाल बाल्मिक के रूप में हुई है। वे नगर पालिका में सफाई कर्मचारी थे। परिजनों के अनुसार, मोतीलाल बाल्मिक यादव कॉलोनी के निवासी थे। वे बुधवार शाम पत्नी विद्या बाई (32) और बेटी बुलबुल के साथ स्कूटी से बाजार से घर लौट रहे थे। युगल सरकार मंदिर के सामने रोड पार करते समय राजमाता चौराहा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद 20 फीट तक घसीटती चली गई स्कूटी प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार स्कूटी को करीब 20 फीट तक घसीटती हुई ले गई। इस दौरान स्कूटी पर सवार तीनों लोग कार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। यह पूरी घटना युगल सरकार मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में तेज रफ्तार कार स्कूटी को टक्कर मारते हुए आगे निकलती दिख रही है। भोपाल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम हादसे के बाद घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। मोतीलाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें भोपाल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को वापस जिला अस्पताल लाया गया। गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में मोतीलाल के शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *