328 पावन स्वरूप मामले में बड़ी कार्रवाई:सुखबीर बादल के करीबी सतिंदर सिंह कोहली गिरफ्तार, जांच का दायरा राजनीतिक स्तर तक बढ़ा गया

पवित्र स्वरूपों से जुड़े बहुचर्चित 328 पावन स्वरूप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिरोमणि अकाली दल के करीबी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में सुखबीर बादल के करीबी सतिंदर सिंह कोहली को हिरासत में लिया गया है।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए सतिंदर सिंह कोहली का संबंध सीधे तौर पर एसजीपीसी (शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी) से रहा है। जानकारी के मुताबिक, सतिंदर सिंह कोहली एसजीपीसी के ऑडिट कार्य को संभाल चुके हैं और पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद यह मामला और भी गंभीर हो गया है, क्योंकि अब जांच का दायरा राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर तक बढ़ता दिखाई दे रहा है।
गौरतलब है कि 328 पावन स्वरूप मामला लंबे समय से पंजाब की राजनीति और सिख संगत के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले में पहले भी बिना जांच एफआईआर दर्ज करने, सबूतों को नजरअंदाज करने और राजनीतिक दबाव के आरोप लगते रहे हैं। अब शिरोमणि अकाली दल से जुड़े व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा क्यों न हो। वहीं, अकाली दल की ओर से अभी तक इस गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस कार्रवाई के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *