छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। डंपर के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवारों को टक्कर मार दिया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों के साथ पूर्व विधायक व कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मौके पर चक्काजाम कर दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम लोईंग का रहने वाला केशव मेहर 35 साल अपने दो साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर इंदिरा नगर से सर्किट हाउस रोड की ओर आ रहा था। तभी रास्ते में नगर सेना कार्यालय के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को जबरदस्त ठोकर मार दिया। इससे केशव मेहर के सिर व शरीर के अन्य हिस्से पर गंभीर चोट पहुंची और मौके पर उसकी मौत हो गई। वहीं उसके साथी घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की काफी भीड़ इक्ट्ठा हो गई। ऐसे में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल भेजवाया। लोगों ने किया चक्काजाम
वहीं आक्रोशित स्थानीय लोगों व कांग्रेसी नेताओं ने इस रोड पर ब्रेकर बनाने और मुआवजा की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। जहां पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाईश दे रही है। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता पशु विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। फिलहाल मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जूट गई है।


