बैतूल जिले के भारत भारती क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान 27 वर्षीय अमित विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो बागडोना का रहने वाला था और फिलहाल भारत भारती क्षेत्र में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच अमित अपने चाचा के यहां काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अमित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय मौत
कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने अमित को घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा देखा और तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद अमित को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। फैब्रिकेशन का काम करता था युवक
परिजनों ने बताया कि अमित स्टील फैब्रिकेशन का काम करता था और परिवार का मुख्य सहारा था। वह परिवार में इकलौता भाई था और उसकी दो बहनें हैं। उसकी मौत से परिवार सदमे में है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।


