कोरबा में कुछ युवकों द्वारा तेज रफ्तार कार में पुलिस सायरन का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। यह घटना उद्योग एवं श्रम मंत्री के निवास स्थान के मुख्य मार्ग से दर्री की ओर जाते हुए हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिख रही कार का नंबर न तो शासकीय था और न ही टैक्सी परमिट का। युवकों की यह हरकत कानून का उल्लंघन मानी जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह कार पहले भी कई बार सड़क पर तेज रफ्तार में सायरन बजाते हुए देखी गई है। लोग अक्सर इसे किसी अधिकारी या बड़े नेता का वाहन समझते हैं, लेकिन बताया जा रहा है कि इसमें सामान्य युवक सवार होते हैं जो अक्सर मुख्य सड़कों पर ऐसी हरकतें करते हैं। बाइक सवार हुड़दंग मचाते दिखे इसी तरह देर रात घंटाघर मुख्य मार्ग पर तीन बाइक सवार युवक भी हूटर और लाउडस्पीकर के माध्यम से सायरन बजाते हुए हुड़दंग मचाते दिखे। इनमें दो एक्टिवा और एक बाइक शामिल थी, जिन पर नंबर प्लेट भी नहीं थे। इन युवकों की हरकतों से राहगीर परेशान थे। युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल ये युवक सुभाष चौक से घंटाघर मार्ग होते हुए रवि शंकर मुख्य मार्ग की ओर निकल गए। बताया जा रहा है कि इनकी ऐसी हरकतें पिछले कुछ दिनों से देखी जा रही हैं, जिससे लोग परेशान हैं। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। शहर में ऐसी कई कारें भी हैं जिन पर ब्लैक फिल्म लगी हुई है और वे सड़कों पर दौड़ती नजर आती हैं। पुलिस को ऐसे वाहनों पर भी कार्रवाई करने की आवश्यकता है। पुलिस आपराधिक गतिविधियों को रोकने और वारंटियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसके अतिरिक्त, तीन सवारी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी निरंतर कार्रवाई की जा रही है।


