खरगोन के बालसमुद में नए साल 2026 की शुरुआत नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के साथ हुई। इस धार्मिक आयोजन का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया, जिसमें 1000 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा सुबह 9 बजे श्रीराम मंदिर चौक से शुरू हुई और संत मोनी बापू (भूतेश्वर महादेव मंदिर, बलगांव) तथा कथावाचक दादू महाराज के सानिध्य में निकाली गई। पूरे मार्ग में शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान भक्ति गीतों के साथ देशभक्ति के तराने भी गूंजे। कलश यात्रा का समापन कुनबी पटेल समाज धर्मशाला परिसर में हुआ, जहां हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। सकल हिंदू समाज और श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ समिति द्वारा आयोजित यह नौ दिवसीय धार्मिक महोत्सव प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इस आयोजन में रमेश गोरा, शंकर पटेल, दिनेश मंडलोई, उमेश मोदी सहित सैकड़ों श्रद्धालु और समिति के सदस्य शामिल हुए।


