अनूपपुर जिले के ग्राम पंचायत सकरा के छीरापटपर टोला स्थित अमृत सरोवर तालाब से गुरुवार को भोला सिंह (55) का शव बरामद किया गया। भोला सिंह बुधवार शाम से गांव से लापता थे। कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि छीरापटपर टोला निवासी अधेड़ शख्स (पिता सम्हारू सिंह) की तालाब में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। अधेड़ शख्स बुधवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर स्थित अमृत सरोवर तालाब में नहाने गए थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। शुरुआत में परिजनों को लगा कि अधेड़ शख्स नहाने के बाद कहीं आसपास चले गए होंगे। लेकिन शाम तक उनकी वापसी न होने और डूबने की आशंका पर परिजनों व ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा शव बुधवार देर रात तक भी कोई पता नहीं चल सका। अधेड़ शख्स के न मिलने पर गुरुवार सुबह कोतवाली थाना को सूचना दी गई। सहायक उप निरीक्षक संतोष वर्मा और एसडीईआरएफ टीम के रामनरेश भवेदी अपनी सात सदस्यीय टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने खोजबीन करते हुए गुरुवार को अधेड़ शख्स के शव को तालाब से बरामद कर लिया। फिलहाल, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस मामले के अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।


