साल के आगाज पर चिरहुला मंदिर में आस्था का सैलाब:दोपहर तक 50 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, देर रात तक जारी रहेगा सिलसिला

2026 के आगाज के साथ ही रीवा में नए वर्ष का स्वागत भक्ति भाव और आस्था के माहौल में किया गया। शहर की सड़कों से लेकर मंदिर परिसरों तक सुबह से ही उत्साह नजर आया। खासतौर पर रीवा के प्रसिद्ध प्राचीन चिरहुला नाथ मंदिर में नए साल के पहले दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही मंदिर के बाहर लंबी कतारें लग गईं और लोग भगवान हनुमान के दर्शन कर नए वर्ष की शुरुआत कर रहे हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार दोपहर 12 बजे तक करीब 30 हजार श्रद्धालु चिरहुला नाथ मंदिर में दर्शन कर चुके थे। दोपहर 3 बजे तक 50 हजार लोगों ने दर्शन किए। दर्शन देर रात तक चलने वाले हैं। श्रद्धालु परिवार के साथ मंदिर पहुंचे और भगवान से सुख, शांति, समृद्धि व अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। कई भक्तों ने अभिषेक, जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना भी कराई। मंदिर के पुजारी ने बताया कि नए वर्ष के पहले दिन विशेष पूजन की व्यवस्था की गई है। सुबह मंगला आरती से लेकर नियमित आरती तक भक्तों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। पुजारी का कहना है कि नए साल की शुरुआत ईश्वर की आराधना से करने से पूरे वर्ष सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। वहीं दर्शन के लिए आए भक्तों का कहना है कि वे हर साल नए वर्ष की शुरुआत मंदिर आकर करते हैं। एक भक्त ने बताया कि हम भगवान को साक्षी मानकर नए साल की शुरुआत कर रहे हैं, ताकि पूरा साल खुशहाल बीते। नए साल पर मंदिर आकर मन को शांति मिलती है और जीवन में नई ऊर्जा आती है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मंदिर परिसर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। कुल मिलाकर,नए साल के पहले दिन रीवा में आस्था, श्रद्धा और व्यवस्था का संगम देखने को मिला, जहां हजारों लोगों ने भक्ति भाव के साथ 2026 की शुरुआत की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *