पूर्व CM चन्नी ने आप सरकार पर साधा निशाना:रोपड़ में बोले- प्रवासी हुक्मरान राज्य पर कर रहे शासन

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने पत्रकारों के खिलाफ दर्ज की जा रही FIR को लेकर पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पत्रकारों को डराकर उनकी आवाज दबा रही है, जो लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है। चन्नी ने यह बात मोरिंडा स्थित अपने आवास पर नए साल के धार्मिक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही। चन्नी ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार दिल्ली के मनीष सिसोदिया की नीतियों का पालन कर रही है। उनका दावा है कि सरकार जनता के अधिकारों के लिए उठने वाली हर आवाज को कुचलना चाहती है। उन्होंने कहा कि खुद को क्रांतिकारी बताने वाली AAP पिछले चार वर्षों से प्रेस की स्वतंत्रता पर लगातार हमला कर रही है। अब तक नौ पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए जा चुके हैं। चन्नी ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बताया। हेलीकॉप्टर के सवाल पर बौखला गई सरकार चन्नी के अनुसार, मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में सरकारी हेलीकॉप्टर के उपयोग पर सवाल पूछने मात्र से सरकार बौखला गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बदले की भावना से पत्रकारों को निशाना बनाया गया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारों का काम सरकार से सवाल पूछना, भ्रष्टाचार और गलत नीतियों को उजागर करना है। चन्नी ने अकाली दल और कांग्रेस सरकारों का उदाहरण देते हुए कहा कि तब भी पत्रकारों ने प्रशासनिक खामियां उजागर की थीं। हालांकि, उन सरकारों के दौरान ऐसी दमनकारी कार्रवाई नहीं की गई थी। चन्नी ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब में निर्णय लेने की शक्ति चुनी हुई सरकार के बजाय बाहरी लोगों के हाथों में चली गई है। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री केवल मूकदर्शक बने हुए हैं, जबकि दिल्ली से आए “प्रवासी हुक्मरान” राज्य पर शासन कर रहे हैं। चन्नी ने चेतावनी दी कि यदि पत्रकारों पर दर्ज मामले तुरंत वापस नहीं लिए गए, तो कांग्रेस पार्टी पूरे पंजाब में बड़ा जनआंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब का समाज जागरूक है और प्रेस की स्वतंत्रता पर किसी भी कीमत पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *