मनाली में ताजा बर्फबारी, टूरिस्ट पहुंचे:रोहतांग और शिंकुला दर्रे पर वाहनों की आवाजाही रोकी, कुंजम दर्रे पर सात फुट स्नोफॉल

हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर नए साल की शुरुआत बर्फबारी के साथ हुई है। रोहतांग दर्रे सहित ऊंची चोटियों पर बुधवार शाम से हिमपात शुरू हुआ, जो गुरुवार को भी जारी रहा। नए साल पर ताजा बर्फबारी देख पर्यटक काफी उत्साहित हुए । नववर्ष की पूर्व संध्या पर रोहतांग दर्रे, शिंकुला, कोकसर, अटल टनल और अन्य ऊंची चोटियों पर हिमपात का क्रम शुरू हुआ। बर्फबारी के कारण बुधवार से रोहतांग और शिंकुला दर्रे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। कहां-कहां हुई बर्फबारी रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा और कुंजम दर्रे पर सात फुट से अधिक, जांस्कर-समदो में चार इंच, कोकसर में तीन इंच, अटल टनल में दो इंच और सोलंगनाला में एक इंच हिमपात हुआ। कोकसर पहुंचे पर्यटकों ने बर्फ के फाहों का आनंद लिया। चार पहिया वाहन कोकसर से आगे पहुंचे, जबकि सामान्य वाहनों में पर्यटक अटल टनल और सिस्सू तक पहुंचे। बर्फ के गिरते फाहों के बीच पर्यटकों ने बर्फ में खूब मस्ती की, तस्वीरें लीं और बर्फ के खेलों का लुत्फ उठाया। मनाली के माल रोड पर हजारों पर्यटक बर्फबारी की उम्मीद में डेरा डाले हुए हैं। नववर्ष का जश्न मनाने के बाद कुछ पर्यटक वापस लौट गए हैं, जबकि अधिकांश अभी भी मनाली में रुके हुए हैं। मौसम विभाग ने भी हिमपात की संभावना जताई है। हालांकि, अभी बर्फबारी ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक ही सीमित है। लेकिन जल्द ही घाटी में भी हिमपात होने की उम्मीद है। होटल कारोबारियों को टूरिस्ट बढ़ने की उम्मीद होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि पर्यटन स्थलों पर बर्फ की परत बिछने से पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भारी हिमपात होने की स्थिति में जनवरी महीने में पर्यटन कारोबार में तेजी आएगी। मनाली के एसडीएम रमण कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि हिमपात को देखते हुए रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दर्रे में पर्यटकों की आवाजाही मौसम की परिस्थितियों पर ही निर्भर रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *