धनबाद में पैसे के लेनदेन पर अंधाधुंध फायरिंग:बाइक पर सवार दो युवकों ने की वारदात, छह खोखे बरामद; निरसा में दहशत

नए साल की शुरुआत कोयलांचल क्षेत्र में गोलियों की तड़तड़ाहट के साथ हुई। निरसा थाना क्षेत्र के खुदिया नदी स्थित काली माटी कॉलोनी में पैसे के लेनदेन को लेकर अंधाधुंध फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया। एक युवक ने दोनों हाथों से की अंधाधुंध फायरिंग प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो युवक काली मंदिर की ओर से कॉलोनी की तरफ जा रहे थे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने दोनों हाथों में पिस्टल लेकर अंधाधुंध फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे। स्थानीय युवक गुड्डू चौहान ने बताया कि फायरिंग से पहले दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। इसमें एक तरफ चार से पांच युवक थे, जबकि दूसरी ओर सात से आठ युवक शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि गोराई सिंह के पुत्र युवराज सिंह द्वारा फायरिंग की गई। इस दौरान कई लोग बाल-बाल बच गए। विवाद 15 हजार रुपए के लेनदेन को लेकर हुआ घटना की सूचना मिलते ही निरसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। निरसा के एसडीपीओ रजत माणिक बाखला ने बताया कि घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह विवाद 15 हजार रुपए के लेनदेन को लेकर हुआ था। निरंजन नामक युवक ने यह राशि ली थी, जिसे लौटाने में वह आनाकानी कर रहा था और फोन भी रिसीव नहीं कर रहा था। एसडीपीओ ने बताया कि पैसे की मांग को लेकर युवक निरंजन को खोजने पहुंचे थे। इसी दौरान रास्ते में मुलाकात होने पर विवाद बढ़ गया और फायरिंग की घटना हुई। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति की पहचान कर ली है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *