झुंझुनूं में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से ज्वेलरी कारोबारी से 5 लाख रुपए की रंगदारी (प्रोटेक्शन मनी) मांगने का मामला सामने आया है। ज्वेलर को विदेश से वॉट्सऐप कॉल कर धमकी दी। कहा- पैसा जमा करा दो, नहीं तो गोली मार दी जाएगी। ज्वेलर ने 13 दिसंबर की रात को मुकुंदगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है। थानाधिकारी अभिलाषा ने बताया- ज्वेलर ने रिपोर्ट में बताया कि 1 दिसंबर को सुबह 8 बजे उसके पास एक वॉट्सऐप कॉल आया। सामने वाले व्यक्ति ने कहा- ‘मैसेज पढ़ा नहीं जाता है क्या।’ इसके बाद कॉल कट कर दिया। इसके बाद मैसेज पढ़ा तो उसमें लिखा था ‘तीन दिन के अंदर 5 लाख रुपए जमा करा दो, नहीं तो गोली मार दी जाएगी।’ मैसेज के साथ एक बैंक का खाता नंबर भी दिया गया था। इसके बाद फिर एक मैसेज आया। जिसमें लिखा था- ‘आपका व्यापार आगे नहीं चल पाएगा।’ इसके बाद फिर से वॉट्सऐप कॉल की तो सामने से 007 लिखकर मैसेज आया। 11 दिसंबर को फिर कॉल करके दी धमकी
कारोबारी ने रिपोर्ट में बताया- इसके बाद धमकी यहीं नहीं रुकी। 11 दिसंबर को दोपहर 12:20 बजे फिर एक वॉट्सऐप कॉल आया। जिस पर सामने वाले व्यक्ति ने पहले मेरे हाल-चाल पूछे, इसके बाद कारोबार के बारे में जानकारी ली। कहा- ‘मैं सुमित गोदारा लॉरेंस गैंग से बात कर रहा हूं। भाई के नाते क्या मदद करोगे।’ इस पर कहा- मैं चालीस-पचास हजार रुपए महीने कमाता हूं। आप बताओ आपको क्या मदद चाहिए। इसके बाद सामने वाले व्यक्ति ने कहा- विचार करके बता देना। इसके बाद फोन कट कर दिया। शाम 5:53 बजे पर फिर कॉल आया। जिसमें सामने वाले व्यक्ति ने कहा- मेरी बात पर क्या गौर किया। साथ ही 12 दिसंबर की शाम तक 5 लाख रुपए नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। ज्वेलर ने बताया कि पहली बार कॉल आने पर काफी डर गया। इसके बाद जब दोबारा धमकी दी गई तो मामला दर्ज कराया। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किया
थानाधिकारी अभिलाषा ने बताया- ज्वेलरी कारोबारी सुरक्षा में एक पुलिसकर्मी को तैनात किया गया है। मामले के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। विदेशी नंबरों से वॉट्सऐप कॉल की गई है, जिसकी जांच की जा रही है। यह भी पढ़ें ‘टैक्स चोरी कर करोड़ों कमाते हैं, भुगतना पड़ेगा’:गैंगस्टर रोहित ने गुरुग्राम-चंडीगढ़ क्लब में धमाकों पर सोशल मीडिया पोस्ट की; लिखा- यह डेमो है गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर चंडीगढ़ और गुरुग्राम के 2 क्लबों में हुए धमाके की जिम्मेदारी ली है। रोहित गोदारा बीकानेर का गैंगस्टर है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने 5 लाख और राजस्थान पुलिस ने 1 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हवाला कारोबारियों, बुकी-सटोरियों को धमकी दी है। कहा- टैक्स चोरी कर करोड़ों रुपए कमाते हैं, उन सबको भुगतना पड़ेगा। (यहां क्लिक करें)


