कोटा में कल से तीन दिवसीय हाडौती ट्रेवल मार्ट का आगाज होगा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की ओर से 2 से 4 जनवरी तक आयोजित होने वाले हाड़ौती ट्रेवल मार्ट का उद्घाटन समारोह का शुक्रवार शाम को 5 बजे चंबल रिवर फ्रंट के शौर्य घाट, रिवर फ्रंट पर होगा। उद्घाटन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उप मुख्यमंत्री व पर्यटन मंत्री दिया कुमारी, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक, कल्पना देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के पदाधिकारी एवं पर्यटन विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
उद्घाटन के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें करीब 150 से अधिक कलाकार परफॉर्म करेंगे। आतिशबाजी भी की जाएगी। कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार 3 जनवरी को आर्ट हिल, सिटी पार्क में देश भर के टूर ऑपरेटरों के साथ बी-2 मीटिंग की जाएगी। हाड़ौती को किस तरह से पर्यटन आइटनरी में शामिल किया जाए इस विषय पर चर्चा होगी। इस दौरान दूर ऑपरेटरों को यहां के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी करवाया जाएगा। 4 जनवरी, रविवार को टूर ऑपरेटर्स के साथ बी-2 मीटिंग्स और पर्यटन स्थलों के भ्रमण के बाद शाम 5 बजे सिटी पार्क स्थित आर्ट हिल के एमपी थियेटर में समापन समारोह एवं अवार्ड सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। समापन समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शामिल होंगे।


