06 लाख रुपए में स्कॉर्पियो दिलाने और क्रिप्टो करेंसी व सोशल मीडिया में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी कर धन एकत्रित करने वाले गिरोह को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने वाले अभियुक्त रजनीश कुमार को स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी), राजस्थान ने गिरफ्तार किया है। एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया- आरोपी रजनीश कुमार (37), निवासी रुड़की, हरिद्वार को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया गया। वह फर्जी वेबसाइट, डिजिटल करेंसी और मोबाइल एप तैयार कर ठगी के नेटवर्क को तकनीकी आधार उपलब्ध करा रहा था। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी बंशीलाल उर्फ प्रिन्स सैनी ने रजनीश कुमार की मदद से harvestusdt.com नामक वेबसाइट बनवाई। 250 रुपए में आईडी बनाकर करीब 82 हजार लोगों को जोड़ा गया और लगभग 2 करोड़ रुपए एकत्र किए गए। इसके बाद हार्वेस्ट एआई टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनाकर स्कॉर्पियो व फॉरच्यूनर देने जैसी लुभावनी योजनाओं का सोशल मीडिया पर प्रचार किया गया। निवेश के नाम पर करीब 4.92 करोड़ रुपए प्राप्त किए पुलिस के अनुसार, निवेश के नाम पर अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए करीब 4.92 करोड़ रुपए प्राप्त किए गए। इसके अलावा भोपालगढ़ में आयोजित तथाकथित डबल सेंचुरी रिवॉर्ड सेरेमनी के नाम पर 250 स्कॉर्पियो देने का झांसा देकर करीब 15 करोड़ रुपए की ठगी की गई। अभियुक्तों ने ठगी की रकम का इस्तेमाल निजी विलासिता, वाहन खरीद और अन्य कार्यों में किया। मामले में पहले ही मुख्य अभियुक्त बंशीलाल उर्फ प्रिंस सैनी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान पेश किया जा चुका है। रजनीश कुमार को न्यायालय में पेश कर 03 जनवरी तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। ठगी की रकम, क्रिप्टो/डिजिटल करेंसी और अन्य सहयोगियों के संबंध में अग्रिम जांच जारी है।


