झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा अगले साल फरवरी-मार्च में विभिन्न बोर्ड परीक्षाएं के अलावा आकांक्षा कोचिंग में एडमिशन के लिए एंट्रेंस एग्जाम का आयोजन किया जाएगा। 9वीं से 11वीं तक बोर्ड परीक्षाओं में कुल 13 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें 9वीं बोर्ड में सबसे अधिक चार लाख परीक्षार्थी हैं। वहीं 10वीं बोर्ड की परीक्षा में 3.5 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसी प्रकार 11वीं बोर्ड की परीक्षा में तीन लाख स्टूडेंट्स शामिल होंगे। जबकि 12वीं बोर्ड की परीक्षा में 2.5 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जैक चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार महतो ने राज्य के सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) और क्षेत्रीय शिक्षा निदेशक (आरडीडीई) के वर्चुअल मोड में मीटिंग की। इसमें चेयरमैन ने परीक्षा संचालन से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर चर्चा की और दिशा-निर्देश भी दिए। सभी परीक्षा केंद्रों और परीक्षा हॉल में सीसीटीवी कैमरा लगा होना चाहिए। बेसिक सुविधाएं पर ध्यान देने के लिए कहा, ताकि परीक्षाओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। जिला शिक्षा पदाधिकारियों को एक सप्ताह में मूल्यांकन करने वाले शिक्षा पदाधिकारियों की लिस्ट एप्रूवल के लिए भेजने का निर्देश दिया गया है। मीटिंग में चेयरमैन के अलावा वाइस चेयरमैन डॉ. विनोद सिंह, सचिव जयंत मिश्र और टेक्निकल सपोर्ट आईटी ऑफिसर कुणाल कर रहे थे। आकांक्षा के लिए यह है निर्देश : सरकार द्वारा मेडिकल, इंजीनियरिंग और क्लैट इंट्रेंस की तैयारी के लिए आकांक्षा कोचिंग संचालित किया जाता है। इस कोचिंग में एडमिशन के लिए जैक द्वारा प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है। प्रवेश परीक्षा के लिए हर जिला से कम से तीन हजार फॉर्म जमा होने चाहिए। चेयरमैन डॉ. महतो इसे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।


