15 जनवरी को मनाए जाने वाले आर्मी डे के लिए गुरुवार जगतपुरा के महल रोड़ पर रिहर्सल शुरू हुई। पहली बार आर्मी डे परेड में राजस्थान निदेशालय के एनसीसी कैडेट्स भी शामिल होंगे। इसके लिए इन्हें रोज 8 से 10 घंटे की प्रैक्टिस करवाई जा रही है। इसमें 4 निदेशालय से कैडेट्स सम्मिलित होंगे। आर्मी बैंड्स के साथ एनसीसी की बैंड की स्वर लहरिया भी गूंजेगी। सेना की दक्षिण-पश्चिम कमान की मेजबानी में पहली बार जयपुर में आयोजित हो रहे इस समारोह में गुजरात, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश सहित राजस्थान के कैडेट्स कदमताल करते नजर आएंगे। राजस्थान निदेशालय उपमहानिदेशक एयर कोमोडोर एस.के.आनंद ने बताया कि इसमें शामिल होने के लिए सैनिक स्कूल कपूरथला बॉयज और पिलानी गर्ल्स बैंड भी गुरुवार को जयपुर पहुंच चुके हैं। एनसीसी के बैंड्स वंदे मातरम् धुन के साथ शुरुआत करेंगे। गर्ल्स कंटिनजेंट से दिखेगी नारी शक्ति : गांधीनगर स्थित एनसीसी कॉम्पलेक्स में चल रहे तीसरे आर्मी डे कैंप के दौरान 170 कैडेट्स को अंतिम रूप से चयनित किया गया हैं। इनमें से टॉप 148 कैडेट्स 15 जनवरी को मुख्य समारोह में महल रोड़ पर मार्च करने वाले एनसीसी के कंटिनजेंट में मार्च पास्ट करेंगे। राजस्थान निदेशालय के डायरेक्टर कर्नल नितिन सहरावत ने बताया कि कंटिनजेंट में शामिल सभी कैडेट्स गर्ल्स होंगी, जो भारतीय सेना में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और नारी शक्ति प्रदर्शन करेंगी। आर्मी डे परेड के दौरान पंजाब के कपूरथला सैनिक स्कूल का एनसीसी बॉयज बैंड मार्च पास्ट करेगा। संभवत: ये पहला मौका होगा जब जयपुर में यह बैंड परफॉर्म करेगा। इसके साथ ही हर वर्ष दिल्ली के राष्ट्र स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में कर्तव्य पथ प्रस्तुति देने वाले बिड़ला बालिका विद्यापीठ पिलानी गर्ल्स बैंड का दस्ता भी शामिल होगा। 3 किमी. के मार्च के दौरान ये 8 धुनें बजाएंगे। इनमें ‘सारे जहां से अच्छा’, ’कदम कदम बढ़ाए जा’, ‘सैम बहादुर’, ‘भारत के जवान’, ‘ताकत वतन की हमसे हैं’ और ‘विजय भारत’ जैसी धुनें शामिल होंगी। कपूरथला पंजाब और पिलानी बैंड की धुनों पर होगा मार्च army day


