भास्कर न्यूज | अमृतसर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए वीरवार को 40 गाड़ियां फील्ड में उतारी गईं । मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मेयर ने कहा कि आने वाले समय में करीब 200 गाड़ियां सड़क पर उतारने का लक्ष्य है। ताकि शहर की हर गली हर घर से कूड़ा उठाया जा सके। इसके अलावा जिन गलियों में गाड़ियां नहीं जाएंगी, वहां रिक्शे आदि से कूड़ा लिफ्टिंग करवाया जाएगा। इसके साथ ही मैकेनिकल स्वीपिंग की 5 गाड़ियां भी रवाना की गई, जोकि शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी के साथ सड़कों पर स्वीपिंग होगी। साथ ही शहर की सभी सड़के वैक्यूम होगी और डस्टिंग भी होगी। मेयर ने कहा कि उनका मुख्य मकसद शहर को गंदगी मुक्त करना है। उन्होंने कहा कि भगतांवाला डंप को खाली करने पर काम शुरू हो चुका है। 45 करोड़ के टेंडर उस कूड़े को खत्म करने के लिए लगाए गए है। अभी तक करीब 1 लाख मीट्रिक टन कूड़ा खत्म भी हो चुका है। उनका मुख्य मकसद है कि दिसंबर 2026 तक डंप पर बने कूड़े के पहाड़ को पूरी तरह से खत्म किया जाए। डंप को खत्म करने के बाद वहां पर पौधे लगाए जाएंगे।


