होशियारपुर में गढ़शंकर-आनंदपुर साहिब मार्ग पर गांव बोड़ा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार 4 व्यक्तियों में से 3 सौतेले भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त गंभीर घायल हो गया। घायल सिविल अस्पताल गढ़शंकर भर्ती है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को लुधियाना रेफर कर दिया। मृतकों की पहचान रिंकू (30), धर्मेंद्र (28) और लखविंदर (15) निवासी मल्होत्रा कॉलोनी जिला लुधियाना है, जबकि अंशु (16) जख्मी है। लखविंदर के पिता राजेश ने बताया कि चारों बिना नंबर बाइक पर नया वर्ष के चलते घर से हिमाचल स्थित धार्मिक स्थल मां नैना देवी मंदिर में माथा टेकने लिए निकले थे। जब वह गांव बोड़ा के पास सुबह करीब साढ़े 3 बजे पहुंचे तो किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मारी दी। सूचना मिलते ही थाना गढ़शंकर में तैनात पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायल अंशु को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। गढ़शंकर पुलिस ने तीनों शवों और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गढ़शंकर में रखवा दिए गए है। राजेश ने बताया कि रिंकू-धर्मेंद्र के पिता की मौत के बाद उनकी मां ने मुझसे शादी की थी और लखविंदर सगा बेटा है। रिंकू की सगाई की बात चल रही थी और धर्मेंद्र और राजेश अविवाहित थे। तीनों की एकसाथ दुर्घटना में मौत होने के कारण हमारा तो घर ही उजड़ गया। मृतकों की मां कुछ भी बोलने के स्थिति में नहीं है। एसएचओ गगनदीप सिंह सेखों ने कहा कि पुलिस दुर्घटना के कारण की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन चालक की जल्द पहचान की जाएगी। टिपर की चपेट में आने की आशंका… पुलिस जांच जारी घटनास्थल पर बजरी बिखरी थी, जिससे आशंका जताई जा रही कि बजरी से लोड टिपर की चपेट में ही बाइक आया होगा। हादसे में 3 भाइयों की जान चली गई। जांच के बाद ही पता चलेगा कि टिपर या अन्य वाहन की चपेट में बाइक आया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है।


