भास्कर न्यूज | सिमडेगा आजाद हिंद क्लब कमेटी के तत्वावधान में स्वर्गीय पत्रकार आमिर हाशमी स्मृति 2024 नाइट सर्किल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, कोलेबिरा विधायक विक्सल कोंगाड़ी, डीडीसी संदीप दोराईबुरु, एसडीओ अनुराग लकड़ा,डीएसपी रणवीर सिंह, बीडीओ समीर रौनियार, सीओ इम्तियाज अहमद, वरिष्ठ अधिवक्ता शमीम अख्तर,सेंट्रल अंजुमन के सदर मो ग्यास अहमद आदि ने संयुक्त रुप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मौके पर दोनों विधायकों ने बॉलिंग और बैटिंग भी की। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच में ए फैशन खैरनटोली ने गरीब नवाज इस्लामपुर की टीम को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि जिले में खेल प्रतियोगिता को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिमडेगा जिले के खिलाड़ी हर खेल में देश को मेडल दिला सकते हैं। कार्यक्रम में मंच संचालन दीपक रिंकू ने किया। पहले दिन कुल तीन मैच खेले गए। उद्घाटन मैच गरीब नवाज इस्लामपुर बनाम ए फैशन खैरनटोली के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए गरीब नवाज की टीम निर्धारित 6 ओवर में 41 रन बनाए। जवाबी पारी खेलते हुए ए फैशन खैरनटोली की टीम 5.3 ओवर में लक्ष्य की प्राप्ति कर ली। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार ए फैशन के दीपू को दिया गया। बाद के मैच में गुमला की टीम ने जिशान 11 को 10 रन से पराजित किया।


