पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, आज भी शीतलहर

भास्कर न्यूज | बालोतरा शहर सहित जिले में बुधवार रात को हुई मावठ की बरसात के बाद सर्दी का असर बढ़ गया है। बुधवार को दिन में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी के बाद रात को रिमझिम बरसात हुई। इससे सड़कों पर पानी का भराव हो गया। बरसात के बाद गुरुवार सुबह से ही सर्दी का असर तेज रहा। नए साल की सुबह कोहरे के साथ हुई। जब सुबह उठे तो शहर से लेकर गांव तक घना कोहरा था। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। पहली बार एक ही दिन में पारा 19.0 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि एक दिन पूर्व दिन का पारा 24.2 डिग्री था। ऐसे में 5 डिग्री तापमान में गिरावट हुई है। घने कोहरे और शीत लहर से गुरुवार को दिनभर लोग ठिठुरते नजर आए। अब रात का पारा भी गिरेगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अचानक आए बदलाव का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है। उत्तर भारत के पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी और वहां से आ रही सर्द हवाओं ने राजस्थान के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनाया है। शुष्क क्षेत्र में नमी के पहुंचने से बादलों का निर्माण हुआ और मावठ की स्थिति बनी। इस बारिश ने विजिबिलिटी तो बढ़ाई, लेकिन सुबह से दोपहर 12 बजे तक कोहरे का असर रहा। वाहनों की रफ्तार धीमी रही। आज भी शीतलहर चलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *