इंस्टाग्राम पर फेमस होने के लिए कोटा में 3 लड़कों ने साइकिल से कोचिंग से लौटते लड़के को पकड़ा और चाकू मार दिए। कोचिंग छात्र (17) के पैर में दो जगह जख्म हुए। उसे 7 टांके लगाने पड़े। इसके बाद आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर पंजाबी गाने के साथ हमले का वीडियो अपलोड किया। गाना लगाया- थानेदार झुक के बात करता..डीएसपी सैल्यूट करता… उद्योगनगर थाना इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने बताया- शुक्रवार रात ही दो नाबालिग लड़कों को डिटेन कर लिया और एक बालिग आरोपी को अरेस्ट कर लिया। घटना कोटा शहर के उद्योगनगर थना इलाके के डीसीएम श्रीराम रेंस फैक्ट्री एरिया में हुई। थाना इलाके की इंदिरा गांधी कॉलोनी में रहने वाला छात्र शुक्रवार दोपहर अपने घर से साइकिल पर 3 किमी दूर स्थित कोचिंग गया था। वहां टेस्ट देने के बाद वह लौटकर घर के पास आ गया था। इससे पहले ही शाम 4 बजे फैक्ट्री के सामने मैदान में 3 लड़कों ने उसकी साइकिल रोक ली। मैदान में 3 लड़कों ने लौटा, चाकू से हमला कर वीडियो बनाया छात्र ने बताया- डीसीएम श्रीराम रेंस फैक्ट्री के सामने पावर हाउस के मैदान में रास्ते में 3 लड़के खड़े थे। उन्होंने मुझे रोका और साइकिल से नीचे गिरा दिया। उसके साथ मारपीट करते हुए वीडियो भी बनाया। एक लड़का वीडियो बना रहा था और दो मारपीट कर रहे थे। एक लड़के के हाथ में चाकू था। मैं उनसे छोड़ने और जाने देने की मिन्नतें करता रहा। लेकिन उन्होंने मेरी बात नहीं मानी और पैरों पर चाकू से हमला कर दिया। बायें पैर में घुटने से ऊपर कट लगा, जिस पर 4 टांके आए हैं। घुटने से नीचे भी कट लगा है। यहां 3 टांके लगाए गए हैं। इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर गाना लगाया- डीएसपी सैल्यूट करता लकी नरवाल नाम की इंस्टाग्राम आईडी से मारपीट और हमला का यह वीडियो शुक्रवार शाम अपलोड किया गया। इसमें पंजाबी गाना लगाया- शूटर थानेदार झुक के बात करता, डीएसपी सैल्यूट करता। बाद में इसी आईडी से एक और पोस्ट शेयर की गई। इसमें लिखा था- फरार। घायल स्टूडेंट ने बताया – आरोपियों ने मेरे पास जो रुपए थे वह भी छीन लिए। जैसे-तैसे उन युवकों से छूट कर मैं चौराहे तक पहुंचा। दोबारा से उन्होंने मुझे पकड़ा। मैं चिल्लाने लगा। वहां पर भीड़ होने से उन लोगों ने मुझे छोड़ दिया। इसके बाद मैं अपने घर पर पहुंचा। परिजन को पूरा घटना क्रम बताया। शुक्रवार शाम थाना उद्योग नगर में इन बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पिता बोले- पास में रहते हैं, बदमाश प्रवृति के हैं स्टूडेंट के पिता अरिदमन सिंह श्रीराम रेंस फैक्ट्री में वर्कर हैं। उन्होंने बताया- जब मुझे इस घटना की जानकारी मिली तो पहले बेटे को एमबीएस अस्पताल लेकर गया। बेटे के 7 टांके आए है। बाद में चौराहे पर गया जहां सीसीटीवी चेक करवाएं तो पता चला कि तीनों लड़के उद्योग नगर क्षेत्र के इंदिरा गांधी के ही रहने वाले हैं। इनमें दो नाबालिग और एक बालिग है। पहले भी ये लड़के लड़ाई झगड़े के केस में जेल जा चुके हैं। हमने उद्योग नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी है। इन बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि इन्हें अब किसी का डर नही रहा। मारपीट चाकू बाजी का वीडियो बना कर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर रहे है ताकि फेमस हो जाएं।


