राजस्थान के 20 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी:बारिश-ओलावृष्टि से दिन में रात जैसी सर्दी, 6 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

वेस्टर्न डिस्टरबेंस से राजस्थान में अब दिन में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने शुक्रवार को 20 जिलों में घना कोहरा रहने का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। जबकि 4 जनवरी से राज्य में कोल्ड-वेव चलने और न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना जताई है। वहीं, गुरुवार को प्रदेश के कुछ शहरों में तो दिन और रात में सर्दी एक समान रही। श्रीगंगानगर में सीजन का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। जयपुर, अलवर, बीकानेर, चूरू में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। गुरुवार देर शाम होने के साथ ही उत्तरी जिलों में कोहरा पड़ना शुरू हो गया। जयपुर, भरतपुर, बीकानेर संभाग में बादल छाए रहे जयपुर संभाग के अलावा भरतपुर और उसके आसपास के एरिया में गुरुवार सुबह बादल छाए और कुछ स्थानों पर बारिश हुई। जयपुर, भरतपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश एरिया में दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे। बारिश होने, बादल छाने के कारण दिन में धूप नहीं निकली, जिससे दिन में रात जैसी सर्दी रही। गुरुवार को श्रीगंगानगर में दिन का अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में भी कल दिन में तेज सर्दी रही, यहां अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब गिरेगा रात का तापमान, तेज होगी सर्दी मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- प्रदेश में 4 जनवरी से सर्दी तेज होगी और रात का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिरने की संभावना है। गुरुवार को अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। कल सबसे कम न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस अलवर में दर्ज हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *